इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के तीसरे मुकाबले में सोमवार (30 मार्च) को राजस्थान रॉयल्स (RR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला गया। गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले को राजस्थान रॉयल्स ने 8 विकेट से जीत लिया। राजस्थान के रियान पराग ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। राजस्थान के गेंदबाजों ने सीएसके की पूरी टीम को 127 रन पर ही समेट दिया, राजस्थान ने 12.1 ओवर में ही 128 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। वैभव सूर्यवंशी के 17 गेंद पर ताबड़तोड़ 52 रन के चलते मुकाबला एकतरफा हो गया।
CSK की बैटिंग हाइलाइट्स
सीएसके की ओर से संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ सलामी जोड़ी के तौर पर मैदान पर उतरे, लेकिन दोनों सस्ते में ही पवेलियन लौट गए। दूसरे ही ओवर में नंद्रे बर्गर ने वर्ल्ड कप के हीरो संजू सैमसन (6 रन) को बोल्ड कर दिया। इसके बाद अगले ही ओवर में जोफ्रा आर्चर ने गायकवाड़ (6 रन) को बोल्ड किया। चौथे ओवर की पहली ही गेंद पर बर्गर ने आयुष म्हात्रे (गोल्डन डक) के रूप में अपना दूसरा विकेट लिया। इसके बाद मैथ्यू शॉर्ट भी 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, सीएसके के टॉप 4 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। 5वें और छठे नंबर पर बैटिंग करने उतरे सरफराज खान और कार्तिक शर्मा ने सीएसके की नैया पार लगाने की कोशिश की, लेकिन सरफराज 17 और कार्तिक 18 रन बनाकर आउट हो गए। शिवर दुबे भी 6 रन बनाकर रविंद्र जडेजा का शिकार हो गए और राजस्थान के गेंदबाजों ने मैच पर पकड़ बना ली। निचले क्रम पर बैटिंग करने आए जेमी ओवरटन के 43 रन की बदौलत सीएसके 127 रनों तक पहुंच सकी। राजस्थान की ओर से बर्गर, आर्चर और जडेजा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि ब्रिजेश, संदीप और रवि बिश्नोई को 1-1 विकेट मिला।
RR की बैटिंग हाइलाइट्स
128 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने 6.2 ओवर में 75 रन की साझेदारी कर दी। सूर्यवंशी ने पहले ओवर से ही विस्फोटक बल्लेबाजी शुरू की और मात्र 15 गेंद में फिफ्टी जड़ दी। राजस्थान का पहला विकेट सूर्यवंशी के रूप में 75 रन पर गिरा। अपनी पारी में वैभव ने 4 चौके और 5 छक्के जड़े. इसके बाद ध्रुव जुरेल बल्लेबाजी के लिए आए और वो 18 रन बनाकर अंशुल कंबोज का शिकार हो गए। इसके बाद कप्तान रियान पराग और यशस्वी जायसवाल ने मिलकर 12.1 ओवर में ही राजस्थान को 8 विकेट से जीत दिला दी। इस बड़ी जीत के साथ राजस्थान प्वाइंट टेबल में टॉप पर पहुंच गई।






